राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भारत का एक प्रमुख राजनीतिक दल है, जिसकी स्थापना 5 जुलाई 1997 को श्री लालू प्रसाद यादव द्वारा की गई थी। पार्टी का मुख्य आधार बिहार और झारखंड राज्यों में है। राजद की स्थापना जनता दल से अलग होकर हुई थी, जिसका उद्देश्य सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्षता के मूल्यों को मजबूती प्रदान करना था।
राजद की शुरुआत से ही पार्टी का ध्यान समाज के हाशिये पर खड़े लोगों—विशेषकर पिछड़े वर्गों, दलितों, अल्पसंख्यकों और गरीबों—के उत्थान पर रहा है। श्री लालू प्रसाद यादव के नेतृत्व में, पार्टी ने 'मंडल आयोग' की सिफारिशों को लागू करने और पिछड़ों को सत्ता में हिस्सेदारी दिलाने में एक ऐतिहासिक भूमिका निभाई। इसे "सामाजिक न्याय" की क्रांति के रूप में जाना जाता है।
आज राजद केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है जो सांप्रदायिकता के खिलाफ और समतामूलक समाज की स्थापना के लिए निरंतर संघर्षरत है।